बस से Dehradun से Delhi जा रहे हैं तो ज्‍यादा रुपए लेकर चलें, वरना करना पड़ सकता है Suffer

 

देहरादून। Dehradun to Delhi Bus Fare Hike : सर्द रात में ठंड से बचाव और अधिक किराया देकर सुविधायुक्त यात्रा करने वाले उच्च श्रेणी के यात्रियों की मजबूरी का निजी बस ऑपरेटर जमकर फायदा उठा रहे।

अभी तक यह यात्री परिवहन निगम की वोल्वो बसों में यात्रा करते थे, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण बीएस-4 बसों का संचालन सोमवार से रुकने के बाद परिवहन निगम की 40 वोल्वो बसें खड़ी हो गई हैं।

अकेले देहरादून से ही 22 वोल्वो बसों का संचालन बंद हो गया है। ऐसे में निजी ऑपरेटर ढाई से तीन हजार रुपये किराया वसूल कर रहे हैं, जबकि पहले इनका किराया आठ सौ से एक हजार रुपये तक था।

देहरादून से दिल्ली के लिए 27 वोल्वो का हो रहा था नियमित संचालन

दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध लगने से पहले देहरादून से दिल्ली के लिए 27 वोल्वो का नियमित संचालन किया जा रहा था। सुबह पांच बजे से रात्रि 12 बजे के बीच संचालित यह सभी वोल्वो नान-स्टाप दौड़ते हुए साढ़े चार घंटे में दून-दिल्ली की दूरी तय कर रही थी। इसके अतिरिक्त इसी मार्ग पर दो वोल्वो दिल्ली होकर गुरुग्राम के लिए भी संचालित की जा रही थीवोल्वो बसों की कमी होने के कारण निजी डीलक्स बसों में टिकट बुक कर रहे यात्री

समय और सीट के हिसाब से यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे निजी बस आपरेटर

मंगलवार से केवल सात वोल्वो बसों का संचालन हो रहा, जिनमें पांच दिल्ली जबकि दो दिल्ली होकर गुरुग्राम जा रहीं। चूंकि, ठंड में वोल्वो बसों की डिमांड काफी बढ़ जाती है, ऐसे में इन बसों के यात्रियों के लिए सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इसका पूरा फायदा निजी बस ऑपरेटर उठा रहे हैं। दरअसल, दून से दिल्ली के लिए रोजाना 20 से 25 निजी डीलक्स बसों का भी संचालन होता है। इनमें बस ऑपरेटर सीट के हिसाब से किराया वसूल रहे हैं।

हर दिन हो रहा निगम को घाटा

परिवहन निगम के लिए दिल्ली सबसे मुनाफे का मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन 40 से 50 हजार यात्री आवागमन करते हैं और यही कारण है कि पूरे प्रदेश का आधा बस बेड़ा यानी 510 बसें केवल इसी मार्ग पर संचालित की जा रही थी। वर्तमान में केवल 310 बसें दिल्ली जा पा रही हैं।

बसों की कमी के कारण परिवहन निगम को भी रोजाना 30 से 40 लाख रुपये का घाटा हो रहा है। वोल्वो बसों को लेकर परेशानी यह भी है कि इनकी पहले से आनलाइन टिकट बुक थी और बसें निरस्त होने की वजह से यात्रियों को रिफंड करना पड़ रहा है।

अन्य मार्गों पर बढ़ेंगी वोल्वो बसें

दिल्ली मार्ग से हटी वोल्वो बसों को अब परिवहन निगम दूसरे मार्गों पर संचालित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वोल्वो प्रदाता बस ऑपरेटरों से मार्ग का सुझाव मांगा गया है।

परिवहन निगम सूत्रों की मानें तो अब देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार व हल्द्वानी से चंडीगढ़, लखनऊ, लुधियाना एवं अमृतसर के लिए वोल्वो बसों का संचालन किया जा सकता है। इनमें से कुछ बसें वाया पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश होकर, जबकि कुछ बसों को सहारनपुर-अंबाला होकर पंजाब व हरियाणा के लिए चलाया जा सकता है।

वोल्वो के साथ ही अब परिवहन निगम दूसरे शहरों के लिए साधारण बस सेवाओं में वृद्धि का प्रयास भी कर रहा है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक पवन मेहरा की ओर से सभी डिपो के एजीएम को पत्र भेजकर निर्देश दिए गए हैं कि जो साधारण बीएस-4 बसें दिल्ली नहीं जा पा रही हैं, उनका संचालन नोएडा, मोहनगनर, मेरठ, रुड़की, सहारनपुर, पटियाला, लुधियाना, पांवटा साहिब, चंडीगढ़, धर्मशाला आदि मार्गों पर यात्रियों की भीड़ के हिसाब से किया जाए। इस दौरान दूसरे राज्यों से हुए परस्पर समझौते का ध्यान रखने को भी कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *