देहरादून में आरोग्य एक्सपो के एक स्‍टॉल में लगी लोगों की भीड़, जानिए यहां क्‍या मिल रहा है खास?

देहरादून । Dehradun Arogya Expo: 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस (डब्लूएसी) और आरोग्य एक्सपो में स्‍टॉल पर लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों और ब्रांडेड कंपनियों के आकर्षक थ्री-डी डिस्प्ले वाले स्‍टॉल लगाए गए हैं। इनमें त्वचा, पेट व सर दर्द संबंधी कई रोग के निवारण के लिए दवा उपलब्ध है। जिनकी लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। आजकल ठंड के दिनों में जोड़ों के दर्द से सबंधित तेल और लोशन की सर्वाधिक मांग है।

लगाए गए 200 से अधिक स्‍टॉल

परेड ग्राउंड में तीन दिवसीय विश्व आयुर्वेद कांग्रेस (डब्लूएसी) और आरोग्य एक्सपो में विभिन्न आयुर्वेदिक कंपनियों के 200 से अधिक स्‍टॉल लगाए गए हैं। लोगों को आकर्षिक करने के लिए एलईडी लाइट्स और रंगीन लाइट लगाई गई हैं। यहां पर विभिन्न कंपनियों की ओर से अपने उत्पादों के प्रचार करने के साथ ही उनकी महत्ता को भी बताया जा रहा है।

लोग इन दिनों सबसे ज्यादा दर्द निवारक तेल और दवा की मांग कर रहे हैं। गोशाला फार्मेसी दीनदयाल धाम मथुरा से पहुंचे प्रशांत ने बताया कि जोड़ के दर्द के लिए शूलहर तेल की सबसे ज्यादा मांग है। यदि एक घंटे में 50 लोग आ रहे हैं तो उनमें से 25 जोड़ दर्द संबंधी दवा की मांग कर रहे हैं।

नस और जोड़ दर्द के लिए आर्थो तेल की मांग

सहारनपुर से पहुंचे श्रीकुल हर्बल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आदित्य सैनी ने बताया कि नस और जोड़ दर्द के लिए आर्थो तेल की मांग अधिक है। इसके अलावा बीपी और शुगर की दवा के बारे में लोग पता कर रहे हैं। मुंबई की दवा कंपनी श्री धूतपापेश्वर के प्रोडक्ट मैनेजर अभिजीत माहड़ी ने बताया कि ठंड में जोड़ दर्द की शिकायत सबसे ज्यादा रहती है, इसलिए भी लोग तेल और जैल की मांग करते हैं।

द आर्या वैद्य फार्मेसी कोयंबटूर लिमिटेड के सौरभ शर्मा ने बताया कि जोड़ दर्द के लिए कैप्सूल और तेल है। उनके पास 17 से अधिक उत्पाद उपलब्ध हैं। अहमदाबाद की कंपनी पंचगव्या के राघव जोशी ने बताया कि सर्दी में आज सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं युवा भी जोड़ दर्द से परेशान रहते हैं। इसलिए इस मौसम में मांग को देखते हुए दवा उपलब्ध है

क्यूआर कोड से मिलेगी पूरी जानकारी

डाबर कंपनी के स्‍टॉल पर विभिन्न औषधीय पौधे रखे गए हैं और उन्हीं के सामने क्यूआर कोड का स्कैनर लगाया गया है। यदि किसी को भी इन पौधे और इनसे बनने वाली औषधि की जानकारी चाहिए तो वह स्कैन कर सकते हैं।

सीनियर मार्केटिंग मैनेजर डा. दुर्गा प्रसाद ने बताया कि यह खासतौर पर आयुर्वेद के छात्रों के लिए लगाया गया है, ताकि उन्हें इससे नई जानकारी मिले और ज्ञान भी बढ़े। भस्म कैसे बनती है, जोड़ों का दर्द के लिए क्या उपयोगी है, क्यूआर कोड में सब जानकारी मिलेगी।

रनिंग गेम में आम से खास दिखा रहे उत्साह

मुंबई की दवा कंपनी श्री धूतपापेश्वर की ओर से रनिंग गेम भी रखा गया है। इसमें सेकंड के साथ आदमी को एक जगह पर दौड़ना पड़ता है और उसके प्वाइंट जुड़ते जाएंगे। एक मिनट में जितने अधिक प्वाइंट मिलेंगे, आगे खेलने का भी विकल्प खुल जाता है। इस मनोरंजन खेल के लिए लोग उत्साह दिखा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *