Dehradun: डाट काली मंदिर के पास चेकिंग कर रहे PRD जवान को हरियाणा की कार ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत

 

देहरादून

देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर मां डाट काली मंदिर टनल के पास राज्य कर अधिकारी कुंदन सिंह तोमर अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सहारनपुर की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की एक कार ने पीआरडी जवान को टक्कर मार दी।

डाट काली मंदिर के पास चेकिंग कर रहे पीआरडी जवान को हरियाणा नंबर की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई। टक्कर मारते ही कार चालक यू-टर्न लेकर सहारनपुर की ओर फरार हो गया। पुलिस ने राज्य कर अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर मां डाट काली मंदिर टनल के पास सुबह के समय सचल दल के राज्य कर अधिकारी कुंदन सिंह तोमर अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सहारनपुर की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की एक कार ने सड़क किनारे खड़े पीआरडी जवान जंग बहादुर निवासी प्रीतम रोड देहरादून को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान कार चालक यू-टर्न लेकर सहारनपुर की ओर भाग गया।

घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। क्लेमेंटटाउन एसओ दीपक धारीवाल ने बताया कि सचल दल के राज्य कर अधिकारी कुंदन सिंह तोमर ने शिकायत की है। उनकी शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *