Dehradun News: शादी की पगड़ी बांधने को लेकर हुआ विवाद, चली तलवारें

 

पगड़ी बांधने को लेकर हुआ था विवाद, बीच बचाव करने आए लोगों पर भी तानी तलवारें

शादी की पगड़ी बांधने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ लोगों ने वहां तलवारें चला दीं। विवाद की वजह केवल मोलभाव बताया जा रहा है। तलवारों से हुए हमले में दो युवक जख्मी हो गए। इससे गुस्साए व्यापारियों ने कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जिनमें दो आरोपी मनमीत सिंह, सुमित सिंह निवासी छबीलबाग को गिरफ्तार कर लिया है।

 

दो युवक घायल, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किया जानलेवा हमले का मुकदमा

शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मोती बाजार में रंजीत उर्फ जीतू लाल फूल भंडार के नाम से दुकान चलाता है। इस दुकान पर कुछ युवक शादी की पगड़ी बंधवाने पहुंचे थे। जीतू ने इसका खर्च 500 रुपये बताया। लेकिन, युवकों ने 300 रुपये ही देने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। युवक कुछ देर बाद वहां से चले गए लेकिन छबीलबाग इलाके से कुछ और युवकों को वहां ले आए। इनके हाथों में तलवारें, कृपाण और चापड़ थे। उन्होंने फिर से जीतू को गालियां देना शुरू कर दिया।

इस बीच दुकान पर बैठे मनीष आनंद उर्फ काकू, विकास और जीतू पर इन्होंने वार कर दिए। हमले में मनीष आनंद और जीतू घायल हो गए। आरोपी यहीं नहीं रुके जो बीच में आया उस पर भी तलवारें तान दीं। बीच बचाव करने आए पूर्व पार्षद पति संतोख नागपाल की गर्दन पर भी तलवार रख दी। यही नहीं बाजार में भी तलवारे लहराते हुए वहां से भागे। शहर कोतवाल ने बताया कि इस मामले में सोनू सिंह, मोनू सिंह, सूरज सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।I

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *