देहरादून। देहरादून में शनिवार को 10 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची घर के पास की दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोपी ने रास्ते में बच्ची को रोका और उसके साथ छेड़छाड़ की।
पूरा मामला पटेलनगर क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि शनिवार शाम को उनकी 10 साल की बच्ची दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए गई थी। कुछ देर बाद बच्ची डरी सहमी हुई घर पर पहुंची। जब बच्ची से घबराने का कारण पूछा तो उसने बताया कि रास्ते में मोईन उर्फ नसीर ने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ की। बच्ची ने परिजनों को बताया कि मोईन पिछले एक महीने से उसे गंदी नजरों से देख रहा है। मोईन ने कई बार उसे अपने साथ ले जाना का दबाव भी बनाया था।
आरोपी ने जान से मारने की दी थी धमकी
शिकायत के मुताबिक, मोईन ने गंदी हरकत करने के बाद बच्ची को धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे व उसके परिवार को जान से मार देगा। बच्ची की पूरी आपबीती सुनने के बाद परिजन दुकान पर पहुंचे। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी मोईन को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि आरोपी मोईन फतेहपुर सहारनपुर का रहने वाला है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।