मसूरी में डायलिसिस के लिए आठ से 10 मरीज आते हैं हर माह
शहर में डायलिसिस की सुविधा नहीं होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डायलिसिस के लिए लोगों को देहरादून की दौड़ लगानी पड़ रही है। लंबे समय से लोग उपजिला चिकित्सालय में डायलिसिस यूनिट की स्थापना की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी अरविंद सेमवाल, कुशाल सिंह राणा आदि का कहना है कि मसूरी में डायलिसिस के लिए आठ से 10 मरीज हर महीने आते हैं। उपजिला चिकित्सालय में सुविधा नहीं होने से उन्हें मजबूरी में देहरादून की दौड़ लगानी पड़ती है। ऐसे में मरीजों को कई बार देहरादून जाते समय ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ता है। इससे उन्हें मुश्किल का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से मांग के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वहीं, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि उपजिला चिकित्सालय में डायलिसिस यूनिट की स्थापना के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को गत सात अगस्त को पत्र दिया था।
उन्होंने बताया कि स्वास्थय मंत्री ने राज्य में 14 डायलिसिस यूनिट की स्थापना की घोषणा भी की थी। उम्मीद है कि मसूरी में भी जल्द डायलिसिस यूनिट की स्थापना की जाए। वहीं, सीएमएस डाॅ. यतेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में डायलिसिस यूनिट की स्थापना के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। जल्द मसूरी में भी मरीजों को डायलिसिस की सुविधा प्राप्त होगी।