उत्तराखंड का अगला मुख्य सचिव कौन ? राधा रतूड़ी को मिलेगा एक्सटेंशन या आनंदबर्धन के नाम पर लगेगी मुहर

उत्तराखंड में नौकरशाही का अगला मुखिया कौन होगा? इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का कार्यकाल इसी माह खत्म होने जा रहा है। उन्हें फिर एक्सटेंशन मिलेगा या अपर मुख्य सचिव आनंदबर्धन को यह जिम्मेदारी मिलेगी, इसे लेकर कयासबाजी चल रही है।

वरिष्ठ नौकरशाह डॉ.एसएस संधु के इसी साल जनवरी में रिटायर होने के बाद 88 बैच की आईएएस राधा रतूड़ी को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी मिली थी। वे उत्तराखंड की पहली महिला मुख्य सचिव बनने का भी रिकॉर्ड दर्ज करा चुकी हैं।

वैसे संधु का भी रिटायरमेंट जुलाई, 23 में था, लेकिन सरकार ने उन्हें छह माह का एक्सटेंशन दे दिया था। आईएएस राधा रतूड़ी अपने बैच में संधु से भी वरिष्ठ हैं, लेकिन काडर परिवर्तन के चलते ग्रेडेशन सूची में उन्हें नीचे आना पड़ा।

मुख्य सचिव रतूड़ी को सरकार ने अप्रैल में छह माह का सेवा विस्तार दे दिया था, ऐसे में उनका कार्यकाल इसी माह खत्म हो रहा है। सचिवालय में नौकरशाहों में अब नए मुख्य सचिव को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्रों ने बताया कि सरकार रतूड़ी को छह माह और सेवा विस्तार दे सकती है। काफी नौकरशाहों में ये चर्चाएं हैं, लेकिन 30 सितंबर को ही यह तस्वीर साफ हो पाएगी। रतूड़ी को एक्सटेंशन मिलने की संभावनाओं के पीछे उनकी साफ और सरल छवि को माना जा रहा है।

उधर, यदि मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को सेवा विस्तार नहीं मिलता तो इस दशा में अपर मुख्य सचिव आनंदबर्धन को सरकार यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। 92 बैच के आईएएस अधिकारी आनंदबर्धन फिलहाल इस पद के लिए एक मात्र दावेदार हैं। उनका रिटायरमेंट जून 27 में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *