उत्‍तराखंड में मैदान से पहाड़ तक गहरा रहा डेंगू का डंक, अभी तक मिले कुल 40 मरीज

 

देहरादून। Dengue Outbreak in Uttarakhand: उत्तराखंड डेंगू का डंक लगातार गहराता जा रहा है। मैदान से लेकर पहाड़ तक डेंगू के मामले आ रहे हैं। शनिवार को भी तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। प्रदेश में अभी तक 40 मरीजों में डेंगू फैलाने वाला मच्छर डंक मार चुका है।

देहरादून जनपद में अब तक पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. सीएस रावत के अनुसार, ऋषिकेश के मीरानगर की 50 वर्षीय महिला एसपीएस ऋषिकेश में भर्ती है। उनकी डेंगू एलाइजा रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मरीज की स्थिति सामान्य है और प्लेटलेट काउंट एक लाख से ऊपर है।

दून अस्पताल में भर्ती नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि

उधर, दून मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। ये दोनों मरीज जनपद टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं। नोडल अधिकारी डा. अंकुर पांडे ने बताया कि चौरास निवासी 27 वर्षीय व्यक्ति को बुखार, बदन दर्द आदि की शिकायत पर छह सितंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था। मरीज की एलाइजा रिपोर्ट पाजिटिव आई है।

वहीं, चार सितंबर को अस्पताल में भर्ती 25 वर्षीय व्यक्ति की भी रिपोर्ट पाजिटिव है। मरीज जनपद टिहरी गढ़वाल का रहने वाला है। अभी तक दून अस्पताल में भर्ती नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें चार मरीज दून, एक उप्र व बाकी प्रदेश के अन्य जिलों से हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *