देहरादून। शहर कोतवाली पुलिस कार्यशैली में सुधार लाने को तैयार नहीं है। तहसील चौक से घंटाघर के बीच ई-रिक्शा में बैठे व्यापारी की जेब काटने का मुकदमा पांच दिन बाद दर्ज किया गया है। इससे पूर्व शहर कोतवाली पुलिस ने आरजीएम प्लाजा में मोबाइल फोन की दुकान में हुई चोरी का मुकदमा 28 दिन बाद दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में विकास वर्मा निवासी केशव रोड लक्ष्मण चौक ने बताया कि चार अगस्त को उनके पिता राम अवतार वर्मा तहसील चौक से ई-रिक्शा से घंटाघर चाट वाली गली स्थित अपनी दुकान में आ रहे थे। इसी दौरान दो लोग ई-रिक्शा में उनके पिता के दोनों ओर बैठ गए। इसी बीच एक ने पिता को छाता हटाने को कहा तथा दूसरे ने उनके पिता की पैंट की जेब से काट दी और उनका पर्स चोरी कर लिया। इसके बाद दोनों ई-रिक्शा से उतर गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उनके पिता घंटाघर के पास ई-रिक्शा से उतरे तो उन्होंने किराया देने के लिए जेब में हाथ डाला तो उन्हें घटना का पता चला। पर्स में 6,500 रुपये, आधार कार्ड व एटीएम कार्ड था। इस मामले में उन्होंने तत्काल पुलिस को शिकायत दी, लेकिन अब मुकदमा दर्ज किया गया है।
घंटाघर में महिला का पर्स चोरी, पुलिस को दी शिकायत
घंटाघर क्षेत्र में महिला का पर्स चोरी हो गया। महिला पलटन बाजार में खरीदारी करने के लिए आई थी। इस दौरान उन्होंने अपने बड़े पर्स के अंदर छोटा पर्स रखा हुआ था। जब उन्होंने पर्स चेक किया तो वह गायब मिला। धारा चौकी प्रभारी हर्ष अरोड़ा ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। आसपास सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए हैं, उनमें कुछ नहीं मिला।