Dehradun Arhat Bazar Shifting: मुआवजा तय, बोर्ड बैठक का इंतजार; प्रभावित होंगे 350 से ज्यादा भवनसुमन सेमवाल, जागरण देहरादून। Dehradun Arhat Bazar Shifting: शहर के सबसे बड़े बाटलनेक आढ़त बाजार की शिफ्टिंग के लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा किया जा चुका है। इसके बाद भी बात मुआवजे पर आकर अटकी हुई है। ऐसा नहीं है कि मुआवजे की दरों को लेकर आढ़तियों में किसी तरह की असहमति है, बल्कि आढ़ती इस पर सहमत हैं।
संपत्ति की श्रेणी और सड़क की चौड़ाई के हिसाब से मुआवजे की छह श्रेणी तय की गई हैं। अब बताया जा रहा है कि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की आगामी बोर्ड बैठक में मुआवजे पर मुहर लगाए जाने के साथ ही कुछ जरूरी औपचारिकताओं के साथ इसका वितरण शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल, अब मुआवजा ही एकमात्र ऐसा पेच है, जिस पर आकर पूरी परियोजना की गति थम सी गई है।
नए स्थल पर 35 हजार की दर पर प्लाट
आढ़त बाजार शिफ्टिंग परियोजना में प्रभावित होने वाले कारोबारियों और अन्य व्यक्तियों को अतिरिक्त राहत दी गई है। नए स्थल पर प्लाट का आवंटन मुआवजे के मुकाबले काफी कम दर पर किया जाएगा। यह दर करीब 35 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है।
सभी आढ़ती मुआवजे की दरों पर संतुष्ट हैं। वह मुआवजा मिलने के इंतजार में हैं। शहर के हित में मुआवजे की प्रक्रिया जितनी शीघ्र पूरी की जाएगी, पुराने स्थल को उतनी जल्द खाली किया जा सकेगा। – राजेंद्र प्रसाद गोयल, अध्यक्ष, आढ़त बाजार व्यापार संघ
आढ़त बाजार शिफ्टिंग में व्यापारियों के स्तर पर सभी बातों का समाधान किया जा चुका है। एमडीडीए को शीघ्र मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। तभी परियोजना को गति मिल सकती है। – विनोद गोयल, सचिव, आढ़त बाजार व्यापार संघ
18 से 24 मीटर होगी सड़क की चौड़ाई
चौड़ीकरण में शामिल सहारनपुर चौक से तहसील चौक के बीच की 1.55 किलोमीटर सड़क की अभी औसत चौड़ाई 18 मीटर है। आढ़त बाजर क्षेत्र में यह चौड़ाई और भी कम है। इससे पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। एंबुलेंस तक को निकालने का रास्ता नहीं मिल पाता
अब प्रस्ताव के मुताबिक चौड़ाई 24 मीटर हो जाने के बाद जाम की समस्या काफी हद तक दूर की जा सकेगी। लोनिवि प्रांतीय खंड ने चौड़ीकरण कार्य के लिए करीब 28 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की है। हालांकि, मुआवजे के क्रम में जो शिफ्टिंग की जाएगी, उसके मुताबिक डीपीआर में संशोधन किया जा सकता है।
18 माह तय की गई है परियोजना की अवधि
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के मुताबिक निर्माण नए स्थल पर आढ़त बाजार के विकास की 100 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए 18 माह की अवधि तय की गई है। नए स्थल पर सड़क निर्माण के साथ ही प्रोटेक्शन वाल और मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। ky
आढ़त बाजार के विकास के लिए महालक्ष्मी, जबकि मल्टीलेवल पार्किंग के लिए शिव कुमार अग्रवाल को ठेकदार के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। ठेकदारों को निर्देश दिए गए हैं की सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। ऐसे में नए स्थल पर आढ़त बाजार के विकास की भांति ही पुराने स्थल पर सड़क चौड़ीकरण के काम में भी तेजी दिखाने की जरूरत है।