डेंगू से बचाव के लिए बच्चे फुल आस्तीन की शर्ट पहनकर स्कूल आएं : डीएम

 

Dehradun डीएम सोनिका ने कहा कि डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के लिए सीएमओ सरकारी और निजी अस्पतालों का निरीक्षण करें। सीएमओ अस्पतालों और मुख्य शिक्षा अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करते हुए डेंगू नियंत्रण की जानकारी लें। कहा कि बच्चों को फुल आस्तीन की शर्ट पहनकर स्कूल आने के लिए प्रेरित किया जाए। स्कूल प्रबंधकों को इसके निर्देश दिए जाएं।

सोमवार को डीएम सोनिका ने डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को ये निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों में डेंगू से बचाव के लिए आशाओं से घर-घर सर्वे करवाया जाए। आशाएं अपने क्षेत्रों में लार्वा साइडिल का छिड़काव करें। सीएमओ जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों का निरीक्षण करें। डेंगू के इलाज की व्यवस्था, दवाई, बेड और मानकों के अनुसार व्यवस्था बनाने को निर्देशित किया। नगर आयुक्त, प्रशासक नगर पालिका परिषद, उप जिलाधिकारी, जिला पंचायत एवं जिला पंचायती राज अधिकारी डेंगू-मलेरिया को रोकने के लिए अभियान चलाएं। जल भराव न हो इसके लिए ठोस कार्य योजना के तहत कार्रवाई की जाए।

पिछले वर्ष की तरह सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

डेंगू नियंत्रण एवं बचाव और समस्याओं के निस्तारण के लिए पिछले वर्ष की तरह कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र आवंटित करते हुए जनपद स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए।

बैठक में ये रहे मौजूद

मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम बीर सिंह बुदियाल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लोकजीत सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हर गिरि, उप जिलाधिकारी मुख्यालय शालिनी नेगी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृति परमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विद्याधर कापड़ी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र अंजली रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी पूनम चमोली सहित विद्युत, एमडीडीए, सिंचाई, लोनिवि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *