Vegetables Price Hike: उत्‍तराखंंड में थोक से तीन गुना महंगी सब्जियां बेच रहे फुटकर व्यापारी, रसोई के बजट में लगाई ‘आग’

 

देहरादून । Vegetables Price Hike: वर्षाकाल शुरू होते ही फुटकर मंडियों में सब्जियों की कीमत आसमान छूने लगी हैं। देहरादून की निरंजनपुर मंडी समिति में पिछले दस दिनों में थोक में सब्जियों की कीमत में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि फुटकर में इन दस दिनों में कीमतें तीन गुना तक बढ़ गई हैं।

मंडी एक्ट के अनुसार फुटकर विक्रेता कार्रवाई के दायरे से बाहर हैं, लेकिन जिला पूर्ति कार्यालय भी फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई करने से हाथ खड़े कर रहा है। जबकि गैस एजेंसी, पेट्रोल पंपों पर पूर्ति विभाग कार्रवाई करता रहा है, लेकिन जब फुटकर सब्जी विक्रेताओं पर कार्रवाई की बात आई, तब पूर्ति कार्यालय एक्ट का हवाला दे रहा है।

 

फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई को लेकर टीम नहीं बनाई

दरअसल, शहर में खाद्य सामग्रियों पर विभिन्न विभाग अपने स्तर से कार्रवाई करते हैं। बाटमाप विभाग घटतौली, खाद्य सुरक्षा मिलावटीखोरी पर कार्रवाई करता है, लेकिन पूर्ति विभाग इस बात का हवाला दे रहा है कि गैस एजेंसी, पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई एक्ट में शामिल की गई है।

फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। पिछले वर्ष प्रशासन की ओर से फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई को लेकर संयुक्त टीम गठित की गई थी। जिसमें पूर्ति विभाग को भी शामिल किया गया था। इस वर्ष फुटकर विक्रेताओं पर कार्रवाई को लेकर टीम नहीं बनाई गई है।

निरंजनपुर मंडी में थोक में सब्जियों की कीमत में पिछले दस दिनों में एक-दो प्रतिशत का अंतर आया है, लेकिन फुटकर विक्रेता तीन गुना कीमत बढ़ाकर सब्जियां बेच रहे हैं। मंडी सचिव विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि मंडी एक्ट में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि आढ़तियों पर कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन फुटकर व्यापारियों पर कार्रवाई का कोई प्रविधान नहीं है।

वहीं, खाद्य क्षेत्रीय अधिकारी अजय रावत ने बताया गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप पर कार्रवाई करने का प्रविधान है, फुटकर मंडियों पर कार्रवाई का प्रविधान नहीं है। प्रशासन के निर्देश के बाद ही पूर्ति विभाग कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *