Uttarakhand Weather: शुष्क मौसम में और चढ़ेगा पारा… चिलचिलाती गर्मी से राहत न मिलने के आसार, गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही बाधित

 

देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं और मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। हालांकि, बीते बुधवार रात को हुई झमाझम वर्षा के बाद से तापमान में थोड़ी गिरावट आई और हल्की हवाएं चलने से गुरुवार को भीषण गर्मी से राहत महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। जिससे पारा चढ़ने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। दून में भी आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं।

 

गंगोत्री हाईवे पर पहाड़ी से गिर रहे पत्‍थर, आवाजाही खतरनाक

वहीं उत्तरकाशी में वर्तमान समय में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग गंगनानी डबरानी के बीच में पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। ध्‍हां वाहनों की आवाजाही दोनों ओर से कुछ समय के लिए रोकी गई। बीआरओ की ओर से अवगत कराया गया है कि उक्त मार्ग यातायात के लिए सुचारु किया गया है। लेकिन पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।

यह पत्थर उसी स्थान पर गिर रहे हैं जिस स्थान पर 31 मई को बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें एक तीर्थ यात्री सहित दो की मृत्यु हुई थी, दो लापता हुए और 10 से अधिक घायल हुए। लगातार पत्थर गिरने के कारण इस स्थान पर करीब ढाई घंटे वाहनों को रोका गया।

झमाझम वर्षा के कारण तापमान में गिरावट

दून में गुरुवार को सुबह से चटख धूप खिली रही, लेकिन हल्की हवा चलने से भीषण गर्मी से कुछ राहत रही। बीती रात दून में हुई झमाझम वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आई। हालांकि, अब भी पारा सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इसके अलावा मसूरी, धनोल्टी समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले कुछ दिन देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, दून के आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और हल्की बौछार के भी आसार हैं। अगले कुछ दिन तापमान में इजाफा हो सकता है। जिससे दिन में गर्मी बढ़ने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *