विदेशी महिला से दोस्ती ने लगाई हजारों की चपत, सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऐसे की साइबर ठगी
एक व्यक्ति को सोशल मीडिया में विदेशी महिला से दोस्ती आर्थिक चपत लगा गई। महिला ने मदद के नाम पर संबंधित से 75हजार रुपये ठग लिए। अब पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है।
नगर के जोध सिंह कुंवर नामक एक व्यक्ति ने पुलिस में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उनका कहना है कि सोशल साइट्स फेसबुक में जरिए उनकी दोस्ती लुसी स्मिथ नामक एक महिला से हुई, जो स्वयं को यूनाइटेड किगडम की रहने वाली बताती है।
बाद में उन्होंने एक-दूसरे से मोबाइल नंबर साझा किए और व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। बातों-बातों में महिला ने भारत आने की इच्छा जताई और कुंवर से घुमाने की अपील की। महिला ने अपना विमान का टिकट भेजकर बताया कि वह बीते पांच फरवरी को लंदन से निकलेगी और छह को मुंबई पहुंच जाएगी।
निर्धारित तिथि को एक अज्ञात नंबर से उन्हें मोबाइल पर कॉल आया। एक व्यक्ति ने कहा कि आपकी दोस्त मुंबई पहुंच चुकी है और आपसे सहायता चाह रही है। बाद में उनकी महिला से बात हुई। महिला ने कहा कि वह पहली बार भारत आई है, भूलवश अधिक धन साथ ले आने के कारण कस्टम ने रोक लिया है।
अब जुर्माना भरना है। महिला के बताए नंबर पर उन्होंने 75 हजार रुपये डाल दिए। बाद में फिर से उन्हें कॉल आया और मनी लान्डिग डिपाटमैन्ट ने रोकने की बात कहकर महिला ढाई लाख रुपये मांगने लगी। शक होने पर फिर उन्होंने धन नहीं भेजा। इधर कोतवाल राजेश यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।