Weather Update: तीन माह बाद उत्तराखंड के लिए राहत की खबर, रविवार को कोई चेतावनी नहीं – Rajdhani Ki Hunkar

Weather Update: तीन माह बाद उत्तराखंड के लिए राहत की खबर, रविवार को कोई चेतावनी नहीं

देहरादून। लगातार कहर बरपा रही मानसून की बारिश से उत्तराखंड को फिलहाल राहत मिल गई है। पहाड़ से मैदान तक धूप खिलने लगी है और कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं।

पिछले तीन माह में पहली बार मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिन प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और हल्की वर्षा होने की आशंका है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

शनिवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह आंशिक बादल मंडराते रहे, लेकिन दिन में चटख धूप खिल गई। ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान में जरूर दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई, लेकिन लंबे समय बाद भारी बारिश से राहत मिली।

शाम को कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हुई। लेकिन, प्रदेश में कहीं भी बारिश रिकार्ड नहीं की गई। जून के अंतिम सप्ताह में मौसम विभाग की ओर से मौसम शुष्क होने का पूर्वानुमान किया गया था। जिसके बाद शनिवार को पहला मौका है जब बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।

बीते तीन माह के भीतर रोजाना मौसम विभाग की ओर से यलो, आरेंज या कभी-कभी रेड अलर्ट तक जारी किया जाता रहा। इसी क्रम में शुक्रवार तक भी प्रदेश में कहीं न कहीं भारी वर्षा के दौर जारी रहे। शनिवार को ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से सभी ने राहत की सांस ली।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार से तीन दिन प्रदेश में वर्षा को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। पहाड़ों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इसके बाद बुधवार को उत्तशशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र वर्षा होने की आशंका है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *