उफ्फ! अब ऋषिकेश में बाढ़, शिव मूर्ति तक पहुंची गंगा; एक महिला की मौत – Rajdhani Ki Hunkar

उफ्फ! अब ऋषिकेश में बाढ़, शिव मूर्ति तक पहुंची गंगा; एक महिला की मौत

ऋषिकेश। पहाड़ से लेकर मैदान तक जारी भारी वर्षा से गंगा उफान पर है। ऋषिकेश में चेतावनी निशान को पार करने के बाद गंगा खतरे के निशान को भी पार कर गई। त्रिवेणी घाट पूरी तरह जल मग्न हो गया। लक्ष्मणझूला पुलिस ने वानप्रस्थ, गीता भवन गेट नंबर तीन घाट को पूरी तरह बंद कर दिया। एहतियात के तौर पर प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। गंगा के साथ ही बरसाती नदियों का जल स्तर बढ़ा हुआ है। रविवार शाम करीब सात बजे से शुरू हुई वर्षा का दौर अपने साथ कई परेशानियां लेकर आया है।

मंगलवार रात भी क्षेत्र में सब जगह मूसलाधार वर्षा हुई। पहाड़ी जिलों में भी लगातार वर्षा हो रही है। इसके बाद गंगा अपने उफान पर आ गई। मंगलवार रात को ही गंगा ने चेतावनी निशान को पार कर दिया था। 339.50 मीटर के निशान को पार कर गंगा 340.22 मीटर पर पहुंच गई। बुधवार दोपहर होने तक गंगा ने खतरे का लाल निशान 340.50 मीटर को पार कर दिया। शाम चार बजे गंगा 340.75 मीटर पर बह रही थी। गंगा का जल स्तर बढ़ने के साथ ही त्रिवेणी घाट पूरी तरह जल मग्न हो गया। मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम के गंगा घाट भी जल में डूब गए।

गंगा का जल स्तर लगातार बढ़ने पर थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल की ओर से गंगा तटों पर निगानी के विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम लगातार गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रतिबंधित घाटों ओर तटों पर जाने से रोक रही है।

थानाध्यक्ष पैथवाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से वानप्रस्थ,गीता भवन गेट नंबर तीन घाट को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। गठित टीमों की ओर से लाउड हेलर की मदद से लगातार गंगा तटों पर यात्रियों और पर्यटकों को अपील कर हटाया जा रहा है। वहीं, बरसाती नदी चंद्रभागा और खारास्रोत का जल स्तर भी लगातार बढ़ा हुआ है। गंगा का जलस्‍तर शिवमूर्ति तक पहुंच गया है। वहीं यहां घर में घुसे पानी में डूबकर एक महिला की मौत हो गई है।

एक महिला की मौत

घर में घुसे पानी में डूबकर न्यू चंद्रेश्वर नगर निवासी 45 वर्षीय महिला कृष्णा थापा की मौत हो गई। स्वजनों ने बताया कि रात से हो रही बारिश के बाद घर में पानी बरसाती घुस गया था। स्वजन सामान को पड़ोस के दो मंजिला घर में शिफ्ट कर रहे थे।

करीब एक घंटे बाद उन्होंने महिला को कमरे में पानी में गिरा देखा। स्वजन कृष्णा को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महापौर शंभू पासवान भी अस्पताल पहुंचे। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *