Uttarakhand: दून अस्पताल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी पकड़ी, दो दिन से कर रही थी ड्यूटी – Rajdhani Ki Hunkar

Uttarakhand: दून अस्पताल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी पकड़ी, दो दिन से कर रही थी ड्यूटी

 

देहरादून

दून अस्पताल के वार्ड नंबर-12 में दो दिन से ड्यूटी कर रही फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी की बात सामने आई। तथाकथित महिला सुरक्षाकर्मी से दून चौकी पुलिस ने भी पूंछताछ की।

दून अस्पताल की सुरक्षा में बड़ी सेंध लगी है। मंगलवार को अस्पताल से एक फर्जी महिला सुरक्षाकर्मी को पकड़ा गया है। महिला के पास से एक तथाकथित पहचान पत्र भी बरामद किया गया है। सूत्रों की मानें तो महिला पिछले दो दिनों अस्पताल के वार्ड नंबर-12 (जच्चा-बच्चा वार्ड) में ड्यूटी कर रही थी। महिला को दून चौकी पुलिस को सौंपा गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला को कोतवाली भेज दिया है।

दून अस्पताल की ओपीडी में सुबह के समय एक महिला सुरक्षा कर्मियों की ड्रेस में टहल रही थी। वहां पर तैनात अन्य सुरक्षा कर्मियों को महिला पर शक हुआ। इसके बाद उसको रोककर पूछताछ की तो पता चला महिला फर्जी सुरक्षा कर्मी है। सुरक्षा कर्मियों ने मामले की सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने पूछताछ के बाद महिला को दून चौकी के पुलिस कर्मियों को सौंप दिया। मिली जानकारी के मुताबिक महिला पिछले दो दिनों अस्पताल में सुरक्षाकर्मी के रूप में काम कर रही थी। महिला ने इन दो दिनों तक अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में ड्यूटी की है।

अस्पताल में भर्ती बच्चों को महिला से हो सकता था खतरा

चूंकि महिला के दो दिनों तक जच्चा-बच्चा वार्ड में ड्यूटी करने की बात सामने आ रही है, ऐसे में वार्ड में भर्ती छोटे बच्चों को महिला से बड़ा खतरा हो सकता था। हालांकि अस्पताल में किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है। अधिकारियों के मुताबिक मामला सामने आने के बाद सभी अधिकारी हरकत में आ गए थे। वार्डों में भर्ती बच्चों की गिनती करवा ली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *