देहरादून: मारपीट के एक सप्ताह बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गैर इरादतन हत्या का केस; दो गिरफ्तार – Rajdhani Ki Hunkar

देहरादून: मारपीट के एक सप्ताह बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गैर इरादतन हत्या का केस; दो गिरफ्तार

परिजनों ने आरोप लगाया कि सात सितंबर को हुई मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई थीं और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। रविवार सुबह युवक अपने कमरे में मृत मिला।

रायपुर क्षेत्र में मारपीट की घटना के करीब एक सप्ताह बाद युवक जानिसार खान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सात सितंबर को हुई मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई थीं और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। रविवार सुबह युवक अपने कमरे में मृत मिला। मामले में परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि, रिंग रोड स्थित होटल पर्ल एवेन्यू के पास रहने वाले शफीक ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को उनके साले जानिसार खान निवासी राजीव नागलिया का प्लॉट, रायपुर के साथ विक्कू और उसके अन्य साथियों ने मारपीट की थी। मारपीट में जानिसार को गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों के अनुसार चोटों के बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई। रविवार सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण की जानकारी हो सकेगी। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों को रविवार को रायपुर क्षेत्र में लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास साहनी उर्फ विक्कू निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 22 वर्ष और सोनू साहनी निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 21 वर्ष, हाल निवासी झुग्गी-झोपड़ी, मंदिर के पास, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस अब सात सितंबर की मारपीट की घटना और 13 सितंबर को हुई युवक की मौत के बीच संबंध की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *