Uttarakhand: गर्मी के तेवर; दून में 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा, मैदानी इलाकों में गर्म हवा का येलो अलर्ट – Rajdhani Ki Hunkar

Uttarakhand: गर्मी के तेवर; दून में 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा, मैदानी इलाकों में गर्म हवा का येलो अलर्ट

उत्तराखंड

उत्तराखंड में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह होते ही तेज धूप लोगों को झुलसाने लगी है, जिससे जनजीवन पर खासा असर पड़ रहा है। हालात यह है कि दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।

उत्तराखंड में गर्मी बीते कुछ दिनों से अपने खूब तेवर दिखा रही है। 20 मई को भी प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्म हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून और हरिद्वार के साथ उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में गर्म हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा

 दून में 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा

मैदानी इलाकों के साथ-साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। जहां मई के शुरुआती दिनों में पहाड़ों में मौसम सुहावना बना था, वहीं अब वहां भी दिन के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी दून में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से अधिक माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत के कोई खास आसार नजर नहीं आ रहे हैं और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। गर्मी और लू के चलते लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री इजाफे के साथ 39.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अभी तक का सबसे अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 23.1 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *