देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए ऊर्जा निगम में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रदेशभर में विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए आपदा प्रबंधन मोड में काम किया जा रहा है।
ऊर्जा भवन देहरादून में 24 घंटे संचालित विशेष आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से राज्य के सभी जिलों की विद्युत आपूर्ति की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा उत्तरकाशी के धराली में बिजली आपूर्ति के लिए टीमें हर्षिल और भटवाड़ी से पृथक केबिलिंग तैयार करने में जुट गई हैं।
प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने ऊर्जा निगम के समस्त अभियंताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों को हाई अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में उपभोक्ताओं को न्यूनतम समय में विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। ऊर्जा निगम ने आमजन से आग्रह किया है कि गीले या क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, नंगे तारों या ट्रांसफार्मर के संपर्क से बचें।
किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना नजदीकी कार्यालय या 1912 पर दें। साथ ही, इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से बचें और अफवाह न फैलाएं। प्रबंध निदेशक अनिल कुमार स्वयं आपदा नियंत्रण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं।