देहरादून: पिटबुल ने महिला पर किया हमला, जमीन पर गिरी; ब्रेन हेमरेज से हालत गंभीर

 

विकासनगर। देहरादून जिले में विकासनगर कोतवाली अंतर्गत हरबर्टपुर के बंशीपुर में एक पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने दुकान में बैठी महिला पर हमला कर दिया।

हमले में घायल महिला के गिरने पर ब्रेन हेमरेज होने पर हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया है। महिला के पुत्र ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

कोतवाली में दी तहरीर में मनीष अग्रवाल पुत्र स्व. सीताराम अग्रवाल निवासी वार्ड सात हरबर्टपुर ने दी तहरीर में कहा कि उनकी माता सुमन अग्रवाल बंशीपुर स्थित पुत्र की श्रीगणेश पैकर्स नामक दुकान पर बैठी थीं। 24 मई की सायं लगभग सायं सात बजे उनकी माता सुमन जब दुकान पर बैठी थी, उसी दौरान पड़ोसी किशन सिंह नेगी का पिटबुल कुत्ता अचानक घर से बाहर निकला और कुत्ते ने माता पर हमला कर दिया।

जिस कारण उनकी माता नीचे गिर गयीं और उनके सिर में गंभीर चोट आने के कारण ब्रेन हेमरेज हो गया। गंभीर हालत में सुमन का वर्तमान में ग्राफिक एरा अस्पताल धूलकोट में आईसीयू में उपचार चल रहा है। कुछ समय बाद किशन सिंह नेगी का पुत्र वहां पर आकर कुत्ते को उठाकर घर के अंदर ले गया।

मनीष ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कई बार पूर्व में भी कुत्ते को बांधे रखने के लिए कहा था, लेकिन यह अपना कुत्ता नहीं बांधते हैं। कई बार कुत्ता राह चलते लोगों व उनके परिवार के सदस्यों को काटने की कोशिश कर चुका है। जब इनको कुत्ते को बांधकर रखने के लिए कहा जाता है तो किशन सिंह नेगी व उनके परिवार के सदस्य लड़ाई झगड़ा करते हैं और गाली गलौच कर धमकी देते हैं कि जो तुमसे जो होता है वह कर लो।

तहरीर में कहा कि उनकी माता सुमन को सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी हैं। उसके लिए किशन सिंह नेगी व उसका परिवार जिम्मेदार है। तहरीर में किशन सिंह नेगी व उसकी पत्नी कृष्णा नेगी, पुत्र उज्जवल नेगी व आकाश नेगी के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *