पेपर लीक पर उत्तराखंड में कांग्रेस का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

देहरादून। पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड के कई इलाकों में प्रदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। पूर्व मेयर अनिता शर्मा के कैंप कार्यालय से देशरक्षक तिराहे होते हुए सिंहद्वार चौक तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं और महिलाओं ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और अभिभावकों को मानसिक, आर्थिक व सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी से अभद्रता के विरोध में प्रदर्शन

नई टिहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, छात्रों पर लाठीचार्ज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ कथित अभद्रता के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। साथ ही राहुल गांधी के साथ हुई कथित अभद्रता की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडेलवाल ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, आशा रावत, राकेश राणा, ममता उनियाल, दर्शनी रावत, विजयपाल रावत, साहब सिंह सजवान, सूरज राणा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *