देहरादून छात्रसंघ चुनाव: डीएवी में फिर लहराया भगवा, डीबीएस की कमान एनएसयूआई के अभिनव के हाथ

देहरादून। डीएवी पीजी कालेज छात्रसंघ चुनाव में एक बार फिर अध्यक्ष पद पर अभाविप ने कब्जा जमाया। मंगलवार को भारी हंगामे के बीच हुए मतदान और मतगणना के बाद अभाविप के नवदीप राणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

उन्होंने एनएसयूआइ के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से हराया। अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी मैदान में थे। आर्यन छात्र संगठन के अमित सिंह तीसरे स्थान पर रहे, जबकि वायस आफ स्टूडेंट्स की तान्या को 36 मत मिले।

छह पदों के लिए हुए चुनाव में कुल 28 प्रत्याशियों ने दावेदारी की थी। उपाध्यक्ष पद पर एसएफआइ के शैलेंद्र सिंह ने हर्ष रावल को 785 मतों से पराजित किया। सचिव पद पर निर्दलीय नीलांश ने सत्यम शिवम छात्र संगठन के दीपक राणा को 402 मतों से हराया। सह-सचिव (छात्रा आरक्षित) पद पर अनुष्का ठाकुर ने अनुष्का नौटियाल को 306 मतों के अंतर से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर अंजलि भट्ट ने अनुष्का को 423 मतों से मात दी।

वहीं, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर अनुज डोभाल ने 158 मतों के अंतर से जीत हासिल की। प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार ने मनोनीत कार्यकारिणी सदस्य के रूप में खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए त्वैसा सिंह, एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राधिका नेगी और रेंजर-रोवर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निकिता शर्मा को मनोनीत किया।

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने कॉलेज परिसर में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। हालांकि दिनभर मतदान और मतगणना के दौरान हुए विवादों के चलते पुलिस और कालेज प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

डीबीएस छात्रसंघ की कमान एनएसयूआइ के अभिनव के हाथ

डीबीएस पीजी कालेज छात्रसंघ की कमान इस बार एनएसयूआइ के हाथ आई है। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआइ के अभिनव कफलिया ने अभाविप के अभिषेक नेगी को 94 मतों से हराकर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर दोनों संगठनों के बीच सीधा मुकाबला था।

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय सौरभ निर्वाचित ने जीत हासिल की। उन्होंने अभाविप के आदित्य उपाध्याय को 66 वोट से हराया। महासचिव पद पर एनएसयूआइ समर्थित देवाशीष ने जीत हासिल की। उन्होंने श्रुति नौटियाल को 131 मतों से मात दी। छात्रा आरक्षित संयुक्त सचिव पद पर आर्यन छात्र संगठन की चांदनी राणा विजयी रहीं।

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवदीप राणा अध्यक्ष चुने गए, जिन्होंने एनएसयूआई के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से हराया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *