देहरादून। जिले में जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1,इन्फ्लूएंजा) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को 25 सैंपल की जांच में आठ लोगों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें संक्रमित निजी अस्पताल में भर्ती हैं। संक्रमितों में दो देहरादून के और छह अन्य जिलों के हैं। वहीं, एक मरीज स्वस्थ हुआ है। इस दिन किसी मरीज की मौत नहीं हुई।
चिकित्सकों ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
25 सैंपल में आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक एच1एन1 के लिए 173 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 67 की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें 43 देहरादून और 24 अन्य जिलों के मरीज हैं। 41 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 21 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। अब तक पांच मौत दर्ज की गई हैं, जिनकी मौत आडिट के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
कोविड के छह सैंपल, कोई नया मरीज नहीं
कोविड के छह सैंपल लिए गए, लेकिन किसी की रिपोर्ट पाजिटिव नहीं आई। अब तक 116 सैंपल में 18 संक्रमित मिले हैं। 15 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और तीन अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की कि सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय सलाह लें।
सीएमओ ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।