देहरादून के मोहब्बेवाला में फिर भीषण हादसा, श्रमिक का सिर धड़ से अलग हुआ

देहरादून। मोहब्बेवाला में गुरुवार सुबह फिर भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर रोड क्लीनिंग मशीन के ऊपर पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि मशीन चालक श्रमिक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपित कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह एक कंटेनर सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहा था। आशारोड़ी से पहले रोड क्लीनिंग मशीन सफाई में लगी हुई थी। तेज रफ्तार कंटेनर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और रोड क्लीनिंग मशीन के ऊपर पलट गया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु

कंटेनर के नीचे दबने से रोड क्लीनिंग मशीन के चालक महेश निवासी ग्राम नंदूपुर थाना कमासिन, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) का सिर धड़ से अलग हो गया। सूचना पर आशारोड़ी चौकी व क्लेमेनटाउन थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो हाइड्रा मंगवाकर कंटेनर को सीधा कर सड़क किनारे किया गया।

मृतक महेश के शव को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने महेश के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है। घटना के बाद ही आरोपित कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *