देहरादून। मानसून के तेवर फिर तल्ख होने वाले हैं। मौसम विभाग ने सोमवार 10 अगस्त को देहरादून समेत बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कहीं-कहीं अत्यंत तेज वर्षा होने की आशंका जताई गई है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।
देहरादून में तेज बारिश
वहीं शनिवार शाम देहरादून और टिहरी गढ़वाल में मौसम को लेकर अगले तीन घंटे बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। देहरादून में तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग ने 08 अगस्त को दोपहर 3:03 बजे से शाम 6:03 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोनों जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।
चेतावनी के अनुसार देहरादून के करणपुर, मसूरी, खलंगा तथा टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी, सकलाना, रेंज, अल्मास और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की आशंका है
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बिजली कड़कने और आंधी-तूफान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित होने और स्थानीय स्तर पर अचानक जलभराव जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है
मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है
वहीं राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में भी गरज-चमक के साथ तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर होने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।