डोईवाला (देहरादून) । लालतप्पड़ चौकी क्षेत्र में सोंग नदी के समीप भैंस चराने गए एक युवक और उसकी छह-सात माह की गर्भवती भाभी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक राय होकर दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में युवक के साथ गर्भवती महिला को भी धक्का देकर जमीन पर गिराया गया और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद समेत छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है
मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार चांडी प्लांटेशन, रेशम माजरी निवासी गुलाम हुसैन ने लालतप्पड़ चौकी में दी तहरीर में बताया कि चार अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उनका पुत्र शबीर और बड़े पुत्र की पत्नी शकीना, जो करीब छह-सात माह की गर्भवती है, सौंग नदी के समीप भैंस चराने गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद मामहुसैन , सेहन , जानअली और पांच-छह अन्य लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया
तहरीर के अनुसार आरोपितों ने शबीर के साथ लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, पत्थरों और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसके सिर, कंधे, पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वहीं गर्भवती शकीना को धक्का देकर जमीन पर गिराने और घसीटकर मारपीट करने का आरोप है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना से महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। परिवार ने घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों का सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को दी गई है
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुंसाई ने बताया कि मामले में तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। घटना की शिकायत पर मामहुसैन, सेहन, जानअली सहित छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।