यलो अलर्ट के बीच देहरादून में भारी बारिश, कई इलाकों में भरा पानी; आठ सड़कें बंद

देहरादून। मौसम विभाग के यलो अलर्ट के बीच मंगलवार सुबह देहरादून में मौसम का मिजाज बदल गया। सदर, मसूरी और कालसी क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि चकराता और डोईवाला में हल्की वर्षा दर्ज की गई। विकासनगर और त्यूनी में बादल छाए रहे, जबकि ऋषिकेश में मौसम सामान्य रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार फिलहाल जनपद की सभी तहसीलों से किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी कोई प्रतिकूल सूचना नहीं मिली है।

देहरादून में औसत वर्षा 31.4 मिमी दर्ज की गई है। सबसे अधिक 91.5 मिमी वर्षा विकासनगर में रिकॉर्ड की गई है, जबकि कालसी में 81.5 मिमी, सहसपुर में 74 मिमी और सदर क्षेत्र में 20.5 मिमी बारिश हुई है।

जिले में आठ सड़क मार्ग बाधित

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के चलते जिले में आठ सड़क मार्ग बाधित हुए हैं। इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और पांच ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।

गंगा-यमुना और टौंस नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे

वहीं गंगा, यमुना और टौंस नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है। हालांकि फिलहाल जनपद में किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान अथवा अन्य बड़ी आपदा की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *