देहरादून। मौसम विभाग ने देहरादून सहित छह जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के दौरान तेज से अति तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यहां अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
बारिश के चलते आगामी दिनों में तापमान में भी गिरावट बनी रह सकती है। प्रशासन ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने को कहा गया है।