देहरादून। शहर में दो सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
सतपाल शर्मा निवासी रघुबीर नगर, नई दिल्ली ने बताया कि उनका पुत्र जतिन शर्मा अपने दोस्त के साथ देहरादून घूमने आया था। सात मई को उनका पुत्र अपने दोस्त सागर निवासी दिल्ली के साथ बाइक से माता मंदिर रोड पर जा रहा था।
वहीं रेलवे फाटक के पास एक्टिवा चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पुत्र को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल उनके पुत्र व दोस्त को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनके पुत्र की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया।
इलाज के दौरान उनके बेटे ने दम तोड़ दिया। इस मामले में नेहरू कालोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं रायुपर थाने में दी तहरीर में रमेश कुमार निवासी ग्राम बजरकोना, भभुआ, बिहार ने बताया कि 15 जून की रात को उनका बेटा अखिल सिंह भोजन लेकर अपने मित्र की बाइक से अपने कमरे पर लौट रहा था।
जब वह सहस्रधारा क्रासिंग के पास पहुंचा, तभी अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।