देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बुधवार से अगले कई दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर जबकि मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
23 से 25 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 जुलाई को भी देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क और राजमार्ग बाधित होने, नदियों-नालों के उफान तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।