देहरादून: दीवार ढहने के बाद राहत कार्य जारी, प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट; दहशत अब भी बरकरार

देहरादून: राजधानी के विजय कालोनी स्थित खाला बस्ती में शनिवार देर शाम भारी बारिश के कारण सुरक्षा दीवार ढहने की घटना के बाद रविवार को नगर निगम और जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए। दिनभर जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य चलता रहा, जबकि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि क्षेत्र में भय का माहौल अभी भी बना हुआ है।

शनिवार को हुए हादसे में सुरक्षा दीवार गिरने से दो-तीन मकानों को नुकसान पहुंचा था, जबकि विमला देवी नामक महिला घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया था।

घटना के बाद देर रात तक कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे थे। रविवार को प्रशासन ने क्षतिग्रस्त मकानों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही सीमित की।

नगर निगम और प्रशासन ने दिनभर हटाया मलबा, रात को सहमे रहे लोग

नगर निगम की टीमों ने मलबा हटाने के साथ प्रभावित मकानों का प्रारंभिक आकलन भी किया। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर संभावित खतरे वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिया

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की कई ढलानों और दीवारों को लेकर चिंता बनी हुई है। रविवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में आकाशीय गर्जना होती रही, जिससे लोग सहमे रहे।

विजय कॉलोनी वार्ड में दीवार ढहने के बाद राहत कार्य तेज

मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की संभावना जताए जाने के बाद कई परिवारों ने पूरी रात सतर्कता के साथ गुजारी। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर न जाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *