देहरादून। सहारनपुर रोड स्थित मातावाला बाग में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान राकेश शर्मा (45) निवासी चंदर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपित कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। चालक को हिरासत में लिया गया है।
शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि शुक्रवार सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मातावाला बाग के पास उत्तर प्रदेश नंबर की एक सियाज कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है।
सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से दून चिकित्सालय पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल राकेश शर्मा ने दम तोड़ दिया। राकेश शर्मा श्रमिक था और काम के सिलसिले में जा रहा था। उन्होंने बताया कि स्वजनों को घटना की सूचना दी गई।
स्वजनों की तहरीर के आधार पर कार चालक अनंत जैन निवासी कृष्णा नगर जिला शामली उत्तर प्रदेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपित व्यवसायी है और किसी काम के सिलसिले में देहरादून आया था। आरोपित इतनी तेज गति से वाहन चला रहा था कि टक्कर लगने के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए।