देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के निकट घने जंगल में रास्ता भटक गई पांच महिलाओं को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।
स्थानीय पुलिस और वन विभाग के संयुक्त अभियान के बाद सभी महिलाओं को सकुशल चौकी हर्रावाला के सुपुर्द कर दिया गया।
रास्ता भटक गई थी पांच महिलाएं
मंगलवार की शाम डीसीआर देहरादून और चौकी हर्रावाला से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के समीप जंगल में पांच महिलाएं रास्ता भटक गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में अलर्ट टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के साथ संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। घने जंगल, दुर्गम भू-भाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार पैदल करीब 12 किलोमीटर तक जंगल के भीतर तलाश अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने सभी पांच महिलाओं को जंगल के भीतर सुरक्षित खोज निकाला। इसके बाद उन्हें पैदल जंगल से बाहर लाकर रोड हेड तक पहुंचाया गया और सकुशल चौकी हर्रावाला के सुपुर्द कर दिया गया।