देहरादून। छह नंबर पुलिया के निकट दो कुत्तों की लड़ाई में उनके मालिक के बीच जमकर मारपीट हो गई। पिटबुल नस्ल के कुत्ते के मालिक ने दारोगा और उनके पुत्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में चमोली में तैनात दारोगा नवीन भारद्वाज निवासी पलटन बाजार ने बताया कि दो जुलाई को वह अपने पोते के मुंडन में छह नंबर पुलिया आदर्श कालोनी परिवार सहित शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह परिवार सहित घर लौट रहे थे। अपना कुत्ता चेन से बांधकर वह कार की तरफ आ रहे थे।
रास्ते में ही धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट का मकान है, जिन्होंने पिडबुल प्रजाति का कुत्ता पाला है। पिडबुल अचानक गेट से बाहर आ गया और उनके कुत्ते पर झपट गया। बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपने कुत्ते को बचाया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके बेटे ने कुत्ता बांधकर रखने की बात कही तो पिटबुल के मालिक घर से लाठी, डंडे व धारदार हथियार लेकर बाहर आया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोपितों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह मौके पर बेहोश हो गए। उनका बेटा उठाने के लिए आया तो आरोपितों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसके बाद वहां पर काफी भीड़ हो गई और उनके परिवार से मारपीट करने लगे।
मारपीट करने वालों में धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, उनका बेटा अंकित भट्ट, पुत्री अंजलि भट्ट भाई महेंद्र भट्ट शामिल थे। उन्हें और बेटे को इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नेहरू कालोनी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, अंकित भट्ट, अंजलि भट्ट, महेंद्र भट्ट, धर्मेंद्र भट्ट की पत्नी वह छह अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।