उत्तराखंड में मानसून का आगमन, देहरादून समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। करीब 10 दिन की देरी से पहुंचे मानसून के साथ अब प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है

पहाड़ से मैदान तक झमाझम बारिश के साथ मानसून ने एंट्री की है। अब अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों तक पहुंच गया है

मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, सागर, सीधी, आजमगढ़, अयोध्या, बरेली, देहरादून और मंडी से होकर गुजर रही है। आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून 20 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार शुरू से ही मानसून की रफ्तार धीमी रही।

अब प्रदेश में बारिश के दौर तेज हो गए हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून उत्तराखंड के शेष हिस्सों सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य राज्यों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा

इसके साथ ही दो जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है।

देहरादून और बागेश्वर के लिए आरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई है।

वहीं, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

सभी पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *