देहरादून में तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

देहरादून। राजपुर रोड स्थित साई मंदिर तिराहे के पास तेज रफ्तार आडी कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शामली, उत्तर प्रदेश के ऊचागांव निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 19 वर्षीय पुत्र हिमांशु उर्फ दीपांशु अपने दोस्तों सागर, साहिल और अमन के साथ 27 जून की रात दो मोटरसाइकिलों से मसूरी घूमने गए थे।

देर रात करीब दो बजे जब दोनों बाइक साई मंदिर तिराहे के पास राजपुर रोड पर पहुंचीं, तभी सामने से आ रही आडी कार ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए हिमांशु की बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में हिमांशु और उसके साथ सवार 21 वर्षीय साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन के अनुसार, दोनों घायलों को तत्काल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि हादसे के समय आडी कार के साथ एक अन्य कार भी चल रही थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग ही घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे।

पीड़ित के पिता ने आडी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *