देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूर्व मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बौछारों का दौर जारी है। दूसरी ओर मैदानी इलाकों में उमसभरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह तेज धूप खिली रही, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादलों ने डेरा डाले रखा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
इसके बावजूद उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। पहाड़ों में कहीं-कहीं तेज बारिश भी दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। दूसरी ओर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 35.9, 25.3
पंतनगर, 37.5, 24.8
मुक्तेश्वर, 24.8, 15.0
नई टिहरी, 27.6, 15.3