उत्तराखंड में प्री-मानसून बारिश से मौसम सुहावना, देहरादून में पारा 10 डिग्री गिरा

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के आगमन से पहले ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेशभर में जारी वर्षा के दौर के चलते पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है।

प्री-मानसून बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं कई क्षेत्रों में ठंड लौटने से लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। जेठ के महीने में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम फागुन जैसा सुहावना हो गया है।

राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। लंबे समय बाद शहर में दिन के समय भी हल्की ठंडक महसूस की गई।

पिछले दो माह में यह पहला अवसर रहा जब देहरादून का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।

पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

वहीं, मैदानी जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 26.6, 20.0

पंतनगर, 32.0, 20.1

मुक्तेश्वर, 14.8, 9.5

नई टिहरी, 18.6, 10.5

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *