उत्तराखंड में बदला मौसम: देहरादून में बारिश का 86 साल का नया रिकार्ड बना, आज ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। पहाड़ से मैदान तक बादलों की आवाजाही के बीच गरज-चमक के साथ तेज बौछारों का दौर जारी है।

राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश ने 86 वर्षों का नया रिकार्ड बना दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान दून में 69 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो वर्ष 1940 में दर्ज 79 मिलीमीटर बारिश के बाद मई में दूसरी सर्वाधिक वर्षा है।

शुक्रवार रात को अचानक मौसम के करवट लेने के बाद दून में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर जलभराव, बिजली आपूर्ति में व्यवधान और यातायात पर असर देखने को मिला।

इसके बाद शनिवार को सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादलों ने डेरा डाल लिया और करीब डेढ़ घंटा झमाझम बारिश हुई। पहाड़ों पर भी बौछारों और ओलावृष्टि के दौर हुए। केदारनाथ समेत प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई।

नैनीताल में भी झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। निचले इलाकों में तेज हवा चलने से कई जगह विद्युत पोल और पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की चेतावनी दी गई है।

मैदानी जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है।

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, कोमोरिन क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।

अगले चार से पांच दिनों के दौरान इसके केरलम, तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 33.8, 17.0

पंतनगर, 35.4, 23.9

मुक्तेश्वर, 20.2, 9.5

नई टिहरी, 25.2, 10.5

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *