देहरादून। आशारोड़ी से चंद्रबनी चौक के बीच हादसों का नया ब्लैक स्पाट बन गया है। यहां तीव्र ढलान पर लगातार हादसे हो रहे हैं। शनिवार को एक बार फिर मोहब्बेवाला में चीनी से लोड एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि एक कार को बचाने के लिए ट्रक चालक ने ब्रेक लगाए, जिसके चलते ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कंडक्टर घायल हो गया, जबकि एक लेन पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया
पुलिस के अनुसार चीनी से लोड ट्रक मुजफ्फरनगर से सेलाकुई जा रहा था। मोहब्बेवाला क्षेत्र में मोड़ के पास चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते वाहन सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसके भीतर रखे चीनी के कट्टे सड़क पर बिखर गए।
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के बाद सड़क के एक हिस्से पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
भारी वाहनों और अन्य यात्री वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करना शुरू किया और क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रक को हटाने की कार्रवाई की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में ट्रकों के पलटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सड़क पर बढ़ता दबाव, भारी वाहनों की तेज रफ्तार और कुछ स्थानों पर खराब सड़क व्यवस्था ऐसे हादसों की प्रमुख वजह बन रही है।
लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी उपायों को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।