सीआईएससीई परिणाम: देहरादून में बेटियों ने फिर दिखाया दम, हासिल किए शानदार अंक

देहरादून। काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआइएससीई) के परिणामों में इस बार भी बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया

विज्ञान, वाणिज्य और कला हर स्ट्रीम में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला और उन्होंने टापर्स लिस्ट में शानदार अंकों के साथ अपनी जगह बनाई।

सेंट जोजेफ्स एकेडमी की छात्रा अनुष्का कोटनाला ने कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में 99.5 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं, 10वीं में आरुष अरोड़ा 99 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल टापर बने

वेल्हम गर्ल्स स्कूल की तहजीब सुल्लर ने कला वर्ग में 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी स्कूल की सिद्धिका अग्रवाल ने कक्षा 10 में 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मेहनत का शानदार परिणाम पाया

ब्राइटलैंड्स स्कूल की नैना सागर ने वाणिज्य वर्ग में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि समर वैली की हिया गोयल ने 10वीं और श्रेष्ठा रावत ने 12वीं में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ

सीजेएम में 12वीं की विज्ञान वर्ग की छात्रा सौम्या खोसला ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए। रिजल्ट घोषित होने से पहले छात्राओं में उत्सुकता साफ झलक रही थी। जैसे ही परिणाम सामने आए, घर और स्कूलों में खुशियों की लहर दौड़ गई।

छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी, माता-पिता और शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। अभिभावकों की आंखों में गर्व और खुशी साफ दिखाई दी, वहीं शिक्षकों ने भी छात्राओं की मेहनत और अनुशासन की सराहना की

बेटियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और मार्गदर्शन को दिया। दून की बेटियों का यह शानदार प्रदर्शन न केवल उनकी काबिलियत को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का दम रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *