Uttarakhand Weather: बदला मौसम का मिजाज, अगले पांच दिन बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के दौर भी हो रहे हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है

सुबह से ही बादलों का डेरा

बुधवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। हालांकि, दोपहर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन शाम को बादल छंटने लगे। पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार मध्यरात्रि से ही हल्की वर्षा के दौर रुक-रुककर होते रहे। दिनभर बादल मंडराने के साथ ही कई स्थानों पर बौछारें पड़ीं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई।

पहाड़ों में तेज हवाएं चलने से भी जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम के बदले मिजाज से फिलहाल भीषण गर्मी से राहत है। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा सामान्य या उससे एक डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया जा रहा है। पहाड़ों में कहीं-कहीं पारे में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की

मौसम निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि आने वाले दो दिनों में प्रदेशभर में मौसम अस्थिर रहेगा और कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर आगामी पांच मई तक जारी रह सकता है। मौसम की तल्खी को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है

किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और आम लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। वहीं, वाहन चालकों को भी बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *