देहरादून में कार का पीछा करते हुए फायरिंग, गोली लगने से रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हुई मौत

देहरादून। राजधानी की सुबह एक बार फिर गोलियों का तड़तड़ाहट से गूंज उठी। राजपुर रोड से सटे जोहड़ी रोड पर आपसी विवाद के बाद फार्च्यूनर कार का पीछा करते हुए स्कार्पियो सवारों ने फायरिंग कर दी।

जिसमें एक गोली सड़क किनारे साथियों संग मार्निंग वाक कर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (रिटा) के सीने में जा लगी। उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। सरेआम इस तरह की वारदात ने एक बार फिर लोगों में दहशत पैदा कर दी है।

उधर, इस मामले में पुलिस ने जेन-जी बार के संचालक संदीप कुमार निवासी अमर कालोनी, मुंडका नागलोई, पश्चिम दिल्ली, बार स्टाफ मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर निवासी बेहलोता, खगरिया (बिहार), रोहित कुमार निवासी मोहन गार्डन, उत्तम नगर, दिल्ली जबकि स्कार्पियो में सवार आदित्य चौधरी निवासी ननूरखेड़ा, नालापानी रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है

फरार चल रहे स्कार्पियो सवार शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर व वैभव की तलाश की जा रही है।

रविवार रात को आदित्य चौधरी व उसके दोस्त शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर व वैभव अपनी महिला मित्रों के साथ राजपुर रोड स्थित बार जेन-जी में गए थे।

रात को खाने के बिल को लेकर उनका बार मालिक संदीप कुमार व कर्मचारी रोहित व मोहम्मद अखलाक के साथ विवाद हो गया।

इस दौरान क्लब स्टाफ ने महिला मित्रों के सामने ही उन्हें बुरी तरह पीट दिया और स्कार्पियो का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। कुछ लोग बीच-बचाव के लिए आए तो मामला शांत हुआ।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि आरोपित आदित्य का मोबाइल व चार्जर वहीं छूट गया, जिन्हें लेने के लिए सोमवार सुबह दोबारा बार में आए।

बार के नीचे उन्हें बार के कर्मचारी रोहित कुमार व मोहम्मद अखलाक फार्च्यूनर में दिख गए। इसके बाद दोनों के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई।

पिटने के डर से रोहित ने फार्च्यूनर भगा दी, जिसके बाद स्कार्पियो में सवार आदित्य चौधरी व उसके साथियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

जोहड़ी रोड पर फार्च्यूनर कार को रोकने के लिए आरोपितों ने फार्च्यूनर कार के टायर पर फायरिंग कर दी।

उसी दौरान एक गोली सड़क किनारे टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को जा लगी, जबकि फार्च्यूनर पेड़ से टकराकर रुक गई। इसके बाद स्कार्पियो सवारों ने सरिया व डंडों व बार कर्मचारियों पर हमला किया और वहां से फरार हो गए।

गोलीकांड का शिकार बने रिटायर्ड ब्रिगेडियर मूल रूप से अल्मोड़ा के रहने वाले थे। वर्तमान में वह जोहड़ी रोड स्थित तुला अपार्टमेंट में रह रहे थे और अपनी सोसाइटी के अध्यक्ष थे। रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लगने के बाद भी फार्च्यूनर सवारों को पीटा

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *