पेट्रोल पंप पर डीजल के पैसे मांगे तो हुए आग बबूला, जेब से निकाली माचिस; की आग लगाने की कोशिश

देहरादून। शिमला बाइपास स्थित राजेश फ्यूल पेट्रोल पंप में कुछ आरोपितों ने माचिस जलाकर आग लगाने का प्रयास किया। यह घटना उस समय हुई जब 2000 रुपये का डीजल भरवाने वाले डंपर चालक व उसके सहयोगी से पंप के कर्मचारी रुपये मांग रहे थे।

आरोपित पहले तो आनाकानी करने लगे। जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने आग लगाने के लिए माचिस जला दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी तहरीर में राजेश अग्रवाल निवासी प्रेमनगर ने बताया कि उनका शिमला बाइपास रोड पर राजेश फ्यूल नाम से पेट्रोल पंप है। 17 फरवरी की रात एक डंपर तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा। उसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे।

डंपर चालक ने 2000 रुपये डीजल भरवाया और कहा कि अभी मालिक आ रहा है। कुछ समय बाद डंपर मालिक मौके पर पहुंचा तो पंप कर्मचारियों ने उनसे रुपये मांगे। डंपर में सवार तीनों लोग नशे में थे, जिन्होंने डीजल के रुपये ने देकर जेब से माचिस निकाली और आग लगाने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि पंप कर्मियों ने किसी तरह बीच बचाव करके उनकी हाथ से माचिस छीन ली। गनीमत रही कि घटना के समय पेट्रोल पंप में कोई अन्य वाहन नहीं था। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना की सूचना इंडियन आयल को भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *