Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बढ़ी गर्मी, पहाड़ों में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज

देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हैं और पहाड़ से मैदान तक तेज धूप खिलने से दिन गर्म होने लगे हैं।

सोमवार इस वर्ष का अब तक सबसे गर्म दिन रहा। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।

आज भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है। हालांकि, कल से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।

सोमवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। जिससे दिन में तपिश बढ़ गई और गर्मी महसूस की गई।

दून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जो कि इस वर्ष अब तक का सर्वाधिक है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी अधिकतम पारा सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

इधर, दून में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक होने के कारण अब सुबह-शाम ठंड कम होने लगी है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में भी ठिठुरन बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जिससे पारे में भी वृद्धि हो सकती है।

अगले दो-तीन दिन में ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में वृद्धि के आसार हैं। बुधवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने से लेकर कहीं-कहीं वर्षा-बर्फबारी की उम्मीद है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमपात हो सकता है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 27.6, 11.4

ऊधमसिंह नगर, 26.1, 7.5

मुक्तेश्वर, 18.8, 4.8

नई टिहरी, 18.8, 5.8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *