देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में वर्षा का दौर शुरू होने से ठंड में इजाफा हो गया।
शनिवार रात से ही अधिकांश क्षेत्रों में बादलों का डेरा रहा और रुक-रुककर बौछारें होती रहीं, जबकि रविवार दोपहर बाद ऊंची चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात के दौर देखने को मिले।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार जताए हैं। वहीं, मंगलवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में दोबारा सक्रिय हो सकता है।
रविवार को देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा। बादलों की घनी आवाजाही के बीच कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और झक्कड़ चलने की भी सूचना मिली। मैदानी क्षेत्रों में काशीपुर और आसपास सर्वाधिक 12 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
उधर, चारधाम सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर दो से तीन दौर में हल्का से मध्यम हिमपात हुआ। सीजन की तीसरी बर्फबारी से जहां पहाड़ों की सुंदरता बढ़ी, वहीं दुश्वारियां भी सामने आईं। कई स्थानों पर बर्फ जमने से मार्ग बाधित हुए और यातायात प्रभावित रहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में बिजली, पानी और संचार सेवाओं पर भी असर पड़ा।
चकराता समेत अन्य हिल स्टेशनों में बर्फबारी से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। वहीं, स्थानीय प्रशासन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़कों से बर्फ हटाने के कार्य में जुटा हुआ है।
मौसम के बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ नजर आया। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कई मैदानी इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बन गई, जहां दिनभर धूप नहीं निकलने और हल्की वर्षा के चलते तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में भी आंशिक बादलों और बूंदाबांदी के बीच पारा दो डिग्री तक लुढ़का।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
देहरादून और नैनीताल में भी ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इन पांच पर्वतीय जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 23.5, 11.0
ऊधमसिंह नगर, 22.7, 8.8
मुक्तेश्वर, 13.4, 3.8
नई टिहरी, 14.1, 5.2