देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लोअर नेहरूग्राम स्थित मयूर कालोनी के पास दुलहनी नदी से सटी भूमि पर की गई प्लाटिंग को लेकर विवाद गहरा गया है। बुधवार दोपहर बाद नगर निगम और तहसील की संयुक्त टीम मौके पर पैमाइश करने पहुंची, लेकिन वहां मौजूद लोगों के विरोध और हंगामे के चलते टीम पूरी पैमाइश नहीं कर सकी। हालात बिगड़ते देख टीम को बिना नापजोख किए ही लौटना पड़ा।
मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। बताया गया कि पैमाइश के दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार अब शुक्रवार को पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा पैमाइश कराई जाएगी, ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।
इस मामले में अपर नगर आयुक्त एवं भूमि प्रभारी प्रवीण कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम की भूमि में किसी भी तरह का कब्जा या अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे हर हाल में हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने भूमि प्रभारी का कार्यभार संभाला है और इस प्रकरण की गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुलहनी नदी से सटी इस भूमि पर हुई प्लाटिंग को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई के बाद मामला और गर्मा गया है। पुलिस की मौजूदगी में प्रस्तावित पैमाइश के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन नगर निगम की है या निजी, और आगे किस पर कार्रवाई की जाएगी।