Uttarakhand Weather: मैदानी में खिलेगी धूप, इस दिन फिर बदलेगा मौसम; अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिनभर तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड अब भी कड़ाके की बनी हुई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अब भी बदला हुआ है। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए हुए हैं और ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के दौर जारी हैं। आज ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है और कल प्रदेश के कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि व अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है।

शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद से पहाड़ी क्षेत्रों में दुश्वारियां अब भी कम नहीं हुई हैं। कई स्थानों पर बर्फ जमने से सड़कें फिसलन भरी बनी हुई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क कई जगह कटा हुआ है। इसके साथ ही संचार व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित बनी हुई है। बर्फबारी के दो दिन बाद भी कई इलाकों में हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। मसूरी, धनोल्टी, चकराता समेत अन्य प्रमुख हिल स्टेशनों पर बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

इससे कई मार्गों पर मीलों लंबा जाम लग रहा है और यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस और प्रशासन यातायात को सुचारु रखने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। दोपहर या शाम के समय कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने की संभावना है, जबकि ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने ताजा पश्चिमी विक्षोभ के आज शाम तक सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है।

देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत व ऊधमसिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग एवं अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *