Dehradun: शहर की सड़कों पर जब इंसान नहीं, जानवर डर पैदा करने लगें तो समझ लीजिए व्यवस्था कहीं न कहीं फेल हो चुकी है। डोईवाला में इन दिनों निराश्रित पशु आम लोगों के लिए खतरे की घंटी बन चुके हैं। कभी अचानक सामने आ जाना, कभी सीधे हमला कर देना, ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं। बृहस्पतिवार की शाम नगर चौक पर एक बार फिर लोगों के दिलों में डर बैठा दिया।
नगर चौक पर सांड का हमला
बृहस्पतिवार की शाम डोईवाला के व्यस्त नगर चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई। जब एक निराश्रित सांड ने सड़क से गुजर रही महिला पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला जैसे ही नगर चौक की ओर से गुजर रही थी। सामने से आए सांड ने उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और किसी तरह सांड को भगाया।
काम से लौट रही थी घायल महिला
हमले में घायल महिला की पहचान रेखा के रूप में हुई है। यह लाल तप्पड़ स्थित एक फैक्ट्री में काम करती हैं। बताया गया कि रेखा रोज की तरह काम खत्म कर शाम को अपने घर लौट रही थीं। तभी यह हादसा हो गया। सांड के हमले से उन्हें काफी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार दिलाया गया। जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी रेलवे रोड क्षेत्र में एक सांड ने महिला को उठाकर पटक दिया था। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ता जा रहा है। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग खुद को ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
नगर पालिका पर उठे सवाल
समाजसेवी बॉबी शर्मा ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। वहीं सभासद गौरव मल्होत्रा ने बताया कि इस गंभीर समस्या से नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही निराश्रित पशुओं के खिलाफ अभियान चलाकर इन्हें पकड़ने की मांग की गई है।